जिला अस्पताल में इलाज कराने आए बलिया निवासी मरीज के परिजनों को निजी अस्पताल में इलाज कराने से मना करने पर धमकी देकर 15 हजार रुपये की वसूली की गई थी। इस मामले में सरायलंखसी पुलिस ने धमकी देने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
शुक्रवार को दर्ज प्राथमिकी के अनुसार बलिया जिले के भीमपुरा थाना क्षेत्र के निगहुवा गांव निवासी अजय राजभर ने बताया कि बीते एक दिसंबर को उसके भाई सिद्धार्थ का एक हादसे में पैर टूट गया, जिसे वह लेकर जिला अस्पताल पहुंचा और उसका इलाज चल रहा है।
आरोप लगाया कि इस बीच दो दिसंबर को गुड्डू राजभर और सूर्यभान से उसकी मुलाकात हुई। इस दौरान दोनों ने उसके भाई का उपचार एक निजी अस्पताल में कराने की बात कही। उसने अधिक खर्च आने की बात कहकर असमर्थता जताई।
आरोप लगाया कि दोनों ने कहा कि अब तुमसे बात हो गई है, अब तुम इलाज कराओ या नहीं अब तुम्हें 15 हजार रुपये देना होगा। जब उसने मना किया तो दोनों ने उसे और उसके भाई को जान से मारने की धमकी दी, और 15 हजार रुपये वसूल लिए।
बताया कि जब दोनों जिला अस्पताल के बाहर चले गए तो थाने में तहरीर दी। इस बाबत सरायलखंसी थाने के प्रभारी घनश्याम यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में है।
प्राथमिकी दर्ज कर सूर्यभान को शनिवार को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया गया है। डरा धमका कर ली गई राशि भी पुलिस ने बरामद कर ली है। दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।