मऊ। आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के तत्वावधान में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर नगर के भीटी स्थित परियोजना कार्यालय परिसर में चल रहा धरना 28वें दिन शनिवार को भी जारी रहा।
इस मौके पर संगठन की महामंत्री बीना राय ने कहा कि विभाग द्वारा सभी परियोजना पंजीरी लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है किंतु यह पंजीरी गुणवत्तापूर्ण नहीं है। हम आंगनबाड़ी कार्यकर्ता इसका बहिष्कार कर रहे हैं। जिस पंजीरी को कुपोषण दूर करने के लिए बच्चों को दिया जाता है उसी पंजीरी को खाकर बच्चे बीमार पड़ते हैं। ऐसी पंजीरी से बच्चों का कुपोषण दूर होने के बजाए और कुपोषित हो जाते हैं। सरकार ने अपने श्वेत पत्र में यह स्वीकार किया है कि एक विशेष बिजनेस समूह को लाभ दिलाने के लिए बच्चों के निवाले का व्यापार किया गया है और उच्चतम न्यायालय द्वारा घोषित 300 दिन हॉटकुक्ड मिल चलाने के आदेश को लागू न करना अनियमितता है। लेकिन पंजीरी सिंडिकेट यथावत कार्य कर रहा है उन पर कोई कार्यवाही नहीं हुई। सुप्रीम कोर्ट के आदेश का भी अनुपालन नहीं हो रहा है। खाद्य सुरक्षा कानून का कोई पालन नहीं हो रहा है। आंगनबाड़ी केंद्र बदहाल है इसके बाद भी सारे धमकी सारे नियम आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पर ही लागू होता है। रानीपुर, परदहां, कोपागंज, मधुबन, दोहरबडट, बड़राव ब्लाकों पर भी काम बंद कलमबंद अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहा।इस दौरान संगीता शर्मा, हेमवंती, निकहत, अफसाना, जेबा तहजीन, शबाना, शबिहा रेसालत, रीना राव, अफरोज बानो आदि शामिल रहे।