मऊ। जिले में डीएलएड प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा बुधवार को जिले के 16 केंद्रों पर वॉयस रिकॉर्डरयुक्त सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में हुई। परीक्षा तीन पालियों में हुई। तीन पालियों में पंजीकृत 19259 में से 17974 परिक्षार्थी शामिल हुए।
हर परीक्षा केंद्रों पर तैनात पर्यवेक्षक जहां निगरानी कर रहे थे। वहीं सचल दस्ता भ्रमण कर केंद्रों पर नजर रखे था। जिले में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्था सहित 95 डीएलएड कॉलेजों के प्रशिक्षुओं के प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा 16 केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में हुई।
परीक्षा केंद्रों के मुख्य गेट पर ही प्रशिक्षुओं की तलाशी लेकर परीक्षा कक्ष में भेजा गया। पहली पाली में हिंदी षष्टम प्रश्नपत्र की परीक्षा सुबह 10 बजे से सुबह 11 बजे, दूसरी पाली में संस्कृत, उर्दू प्रश्नपत्र की परीक्षा सुबह 11.30 बजे से दोपहर बाद 12.30 बजे तक हुई।
तीसरी पाली में कंप्यूटर की परीक्षा दोपहर बाद दो बजे से शाम तीन बजे तक हुई। परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए हर केंद्रों पर डायट से एक और माध्यमिक शिक्षा विभाग से एक सहित दो-दो पर्यवेक्षक की तैनाती की गई थी।
इसके साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और डायट प्राचार्य के नेतृत्व में सचल दस्ता भ्रमण कर परीक्षा केंद्रों पर नजर रख रहे थे। तीन पालियों में पंजीकृत 19259 प्रशिक्षुओं मे से 17974 प्रशिक्षु शामिल हुए। इस बाबत प्रभारी डायट प्राचार्य संतोष कुमार उपाध्याय का कहना है कि परीक्षा नकलविहीन संपन्न कराई गई।