मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। कोतवाली क्षेत्र के सुतरही गांव निवासी विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर तीन लाख न देने पर मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया। पीड़िता की तहरीर पर पति, ससुर समेत तीन पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
सुतरही गांव निवासी प्रतिमा राजभर का आरोप है कि उसकी शादी साल 2017 में आजमगढ़ के मेंहनगर थाना क्षेत्र के नेहुआ गांव निवासी किशन राजभर से हिंदू रीति रिवाज से हुई थी। शादी के बाद कुछ दिन तक सब कुछ ठीक रहा। इस बीच उसके दो बच्चे भी हुए। बाद में ससुराल वालों ने बात-बात पर गाली गलौच और मारपीट शुरू कर दी। इस बीच पति किशन, सास शीला और ससुर अखिलेश 3 लाख रुपये मांगने लगे। पैसे देने में असमर्थता जताने पर उसे आए दिन प्रताड़ित किया जाता था। इस बीच ससुराल वालों ने 15 अक्तूबर की सुबह उसे मार पीट कर निकाल दिया। जानकारी पर मायके पक्ष के लोग पहुंचे। ले आए। विवाहिता की तहरीर पर पति, सास और ससुर के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस संबंध में कोतवाल केके वर्मा का कहना है कि महिला की शिकायत पर ससुराल पक्ष के तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है।