बढुआगोदाम। जिले के दो थाना क्षेत्रों में सोमवार को हुई सड़क दुर्घटनाओं में एक सेवानिवृत्त अध्यापक की मौत हो गई, जबकि आटो और स्कूली बस की टक्कर में आटो सवार दो महिलाएं और दो पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, हलधरपुर थाना क्षेत्र के मखना गांव निवासी जय प्रकाश सिंह (67) पुत्र स्व. दमड़ी सिंह पांच साल पहले बहादुरगंज स्थित एक कालेज से सेवानिवृत्त होने के बाद मऊ के डीएवी इंटर कालेज में विषय विश्ेाषज्ञ के रूप में अपनी सेवाएं संविदा के आधार पर दे रहे थे। सोमवार को कालेज आए थे। वहीं घर से सूचना आई कि उनकी पत्नी की तबीयत खराब है। यह सूचना मिलते ही जय प्रकाश सिंह बाइक से घर के लिए निकले। भीटी चौराहे से लगभग आधा किलोमीटर पूरब हनुमान मंदिर के पास पहुंचते ही सामने से आ रही एक बाइक से इनकी बाइक टकरा गई, जिससे जय प्रकाश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें आनन फानन जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन कुछ ही घंटों बाद उनकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सरायलखंसी थाना क्षेत्र के सलाहाबाद इटौरा मार्ग पर हरपुर के पास स्कूली बस और एक आटो की टक्कर हो गई। इस घटना में बगली पिजड़ा गांव की सुभावती (60) पत्नी डेहरू, उसका बेटा संदीप , बलराम (75) और कुमारी (55) पत्नी राम बदन गंभीर रूप से घायल हो गई। इन सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बगली पिजड़ा गांव निवासी ये सभी घायल आटो रिजर्व करके रानीपुर थाना क्षेत्र के मंडूसरा गांव निवासी अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे। वहां एक रिश्तेदार का निधन हो गया था। ये लोग वहां शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने जा रहे थे।