मऊ। रतनपुरा ब्लाक के कोन्हिया गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चिह्नित 20 ग्रामीणों ने मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन किया। उन्होंने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपकर इसकी जांच करने की मांग की है। ज्ञापन में ग्रामीणों ने गांव के कुछ लोगों पर प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कुछ दबंग लोगों ने गिरोह बनाकर प्रधानमंत्री आवास योजना में चिह्नित लोगों से वसूली कर रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दबंग लाभार्थियों से पांच से आठ हजार रुपये तक वसूली कर रहे हैं। विरोध करने पर आवास न बनने देने की धमकी दी जा रही है। ज्ञापन सौंपने वालों में ममता, गीता, मंसा, संतरा, मदन मोहन, ओमप्रकाश, कृष्णा, त्रिभुवन, देवमुनी, सुबास, शिवबचन, धीरेंद्र, हरेराम, रामविलास, अनिरूद्ध, तुफानी आदि ग्रामीण मौजूद रहे।