मऊ। शहर में परंपरा के तहत डीएवी इंटर कालेज के प्रांगण में होली के दिन शाम को होली मिलन तो ईद पर्व पर शाम को ईद मिलन समारोह का आयोजन किया जाता है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी परंपरा का निर्वहन करते हुए डीएवी इंटर कालेज के प्रांगण में ईद मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इसमें दोनों समुदाय के लोग एकत्र हुए। साथ ही एक दुसरे को गले लगाकर आपसी भाईचारगी का संदेश दिए। इस समारोह की अध्यक्षता जिलाधिकारी प्रकाश बिंदु ने तथा मुख्य अतिथि के रुप में पुलिस अधीक्षक ललित कुमार सिंह उपस्थित रहें।
समारोह में उपस्थित सांसद हरिनारायण राजभर ने अपने संबोधन में कहा कि आपसी भाईचारगी ही विकास का घोतक है, उन्होने निर्माणाधीन टर्मिनल कार्य के जल्द पूरा होने का भरोसा लोगों को दिलाया। साथ ही ईद की बधाईयां दिए। पूर्व सांसद सालिम अंसारी ने अपने संबोधन में सभी को ईद की बधाईयां देने के साथ मऊ के विकास के लिए बच्चों को तालिम देने पर जोर दिया। बोले शिक्षित समाज से बेहतर समाज का निर्माण होता है। पुलिस अधीक्षक ललित कुमार सिंह ने डीएवी इंटर कालेज के प्रांगण में आयोजित ईद मिलन समारोह को एतिहासिक बताया। बोले एक स्थान पर दोनों समुदाय के लोग एकत्र होकर आपसी भाईचारगी का परिचय दे रहें है, यह भारत की सभ्यता और संस्कृति को दर्शाता है। बोले इस तरह के कार्यक्रम से सभी को सीख लेने की जरूरत है। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी को सदैव आपसी भाईचारगी से मिलजुलकर रहना चाहिए। बोले जिले में अधुरे पड़े विकास कार्य को मेरे पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है। ईद मिलन समारोह में लोगों ने अपनी समस्याओं से डीएम को अवगत कराया। डीएम ने सभी को आश्वासन दिया। कार्यक्रम में मुख्यरुप से नगर पालिका अध्यक्ष तैय्यब पालकी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अरशद जमाल, पूर्व विधायक कामरेड इम्तेयाज सहित अन्य लोग उपस्थित रहें। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रधानाचार्य देवभास्कर तिवारी ने किया।