मधुबन(मऊ)। थाना मुख्यालय से लगभग पन्द्रह किलोमीटर दूर दुबारी क्षेत्र में एक ग्यारह वर्षीय किशोरी के अपहरण का मामला प्रकाश में आया है। उसके घरवालों ने रविवार की देर रात लगभग दस बजे पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई है।लेकिन अभी भी किशोरी का कोई सुराग नही लग सका था।पुलिस रविवार की रात भर किशोरी के बरामदगी के लिए जगह जगह छापे मारी में जुटी थी लेकिन सोमवार देर शाम तक किशोरी का कोई सुराग नहीं लग सका था। परिवार के लोग किसी अनहोनी की आशंका से सहमे हुए हैं।
पीड़ित परिवार के अनुसार रविवार को दिन में किशोरी अपनी मां के साथ घर से घाघरा नदी में बने रेता पर घास आदि काटने गई थी।लगभग एक बजे वह खाना बनाने के लिए लकड़ी बीनने मंडई से बाहर गईं और देर शाम तक नहीं लौटी तो उसकी मां को बेचैनी होने लगी। उसने कुछ दूर तक झाड़ियों में उसकी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। वह अपने घर आकर पति को सूचना दी। उसके बाद घरवाले भी जाकर उसे खोजने का प्रयास किये लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद काफी तलाशने के बाद भी वह जब नही मिली तो पीड़ित परिजनों ने रात में दस बजे पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई।पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर देवारा के रेता सहित अन्य पहलुओं से किशोरी को ढूढ़ने का प्रयास कर रही है।