मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन में विकास कार्यो की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक से एडीओ पंचायत रतनपुरा के अनुपस्थित रहने पर सीडीओ ने उनसे स्पष्टीकरण मांगा। समीक्षा के बाद मुुख्य विकास अधिकारी ने सभी को शौचालय टैंगिग के लिए 20 अप्रैल की तिथि तय किया।
बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित विकास भवन में सीडीओ की तरफ से विकास कार्यो की समीक्षा के लिए बैठक का आयोजन किया गया था। इसमें जिले के सभी ब्लाकों के एडीओ पंचायत के साथ सेक्रेटरी के साथ अन्य जिला पंचायती राज अधिकारी एसपी सिंह और डीडीओ विजयशंकर उपस्थित रहें। इस दौरान एडीओ पंचायत रतनपुरा श्रीकांत मिश्रा के बैठक से अनुपस्थित रहने पर सीडीओ ने उनसे स्पष्टीकरण मांगने का आदेश डीपीआरओ को दिया। समीक्षा के दौरान स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण के मामले में ब्लाक बड़राव, फतेहपुर मंडाव, मुहम्मदाबाद गोहना और दोहरीघाट की प्रगति बेहतर पाई गई।
समीक्षा के बाद सीडीओ ने सभी को बूथों पर आवश्यक सुविधा की व्यवस्था करने, स्वच्छ भारत मिशन के तहत बने शौचालयों को 20 अप्रैल तक अपलोड कराने का आदेश दिया। सीडीओ ने कहा कि यदि तय तिथि तक जो ब्लाक फोटो अपलोड कराने में फिसड्डी हुआ उसको आरोप पत्र दिया जाएगा। सीडीओ ने कहा कि वित्तीय वर्ष 18 और 19 की वार्षिक लेखा पुस्तिका को प्रिया पंचायती राज साफ्टवेयर पर 20 अप्रैल तक अपलोड कराना है। ताकि संपन्न हुए विकास कार्यो की समीक्षा की जा सकें। इसके अलावा वित्तीय वर्ष 19 और 20 की शत प्रतिशत कार्य योजना तैयार करके प्लान प्लस साफ्टवेयर पर अपलोड करना है। ताकि आने वाले समय में विकास कार्यो के बाबत धनराशि की व्यवस्था की जा सकें। इस कार्य के लिए भी 20 अप्रैल की तिथि तय की गई है। तय समयावधि में काम पूरा न करने वाले को आरोप पत्र दिया जाएगा।