मऊ। स्वच्छ भारत मिशन के तहत शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता कर रहे डीएम प्रकाश बिंदु ने ओडीएफ घोषित किए गए गांवों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने गांवों के सत्यापन के लिए टीम गठित की। साथ ही नोडल अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिया कि वो लोग सुबह सबेरे गांवों में पहुंचकर मार्निंग फॉलोअप करेंगे तथा लोगों को खुले में शौच करने से होने वाली बीमारियों के बारे में विस्तार से बताएंगे, ताकि लोगों में शौचालय के प्रति जागरूकता बढ़े। जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान जीओ टैग की प्रगति को जाना। प्रगति रिपोर्ट बेहतर न होने पर उन्होंने नोडल अधिकारियों पर नाराजगी जताई। साथ ही जीओ टैग बढ़ाने का आदेश दिया। बोले जो प्रधान और ग्राम विकास अधिकारी कार्य में सहयोग नहीं कर रहा उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए। डीएम ने कहा कि सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के प्रति लापरवाही मान्य और क्षम्य नहीं होगी। फोटो अपलोडिंग की समीक्षा करने पर उन्होंने पाया कि बडरांव ब्लाक की फोटो अपलोडिंग की प्रगति खराब है। इस दौरान उन्होंने खंड विकास अधिकारी बड़राव को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही फोटो अपलोडिंग की प्रक्रिया को तेज करने का निर्देश दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, जिला विकास अधिकारी विजय शंकर राय, मुख्य चिकित्साधिकारी सतीश सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी, मुख्य राजस्व अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर अंकुर लाठर, उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना अतुल वत्स आदि उपस्थित रहे।