मऊ। डिश और केबल टीवी देखने वाले उपभोक्ताओं को एक फरवरी से नए नियम से मनपसंद चैनल देखने का मौका मिलेगा। अभी उन चैनलों के भी पैसे देने होते हैं, जिन्हें वह कभी देखते भी नहीं हैं। उपभोक्ताओं की इसी परेशानी को देखते हुए ट्राई ने डिश और केबल ऑपरेटर्स के लिए टैरिफ सिस्टम लागू करने का आदेश दिया है। कई उपभोक्ता जहां नए नियम को अच्छा बता रहे हैं। जबकि कई उपभोक्ता जेब ढीली होना बता रहे हैं।
घर बैठकर डिश और केबल टीवी देखने वाले उपभोक्ताओं को एक फरवरी से महंगा पड़ेगा। केबल उपभोक्ताओं की मानें तो पहले 200 रुपये से 250 रुपये में आपरेटर्स के अनुसार चैनल देखने को मिलता था। अब उपभोक्ताओं की परेशानी को देखते हुए ट्राई ने डिश और केबल ऑपरेटर्स के लिए टैरिफ सिस्टम लागू करने का आदेश दिया है। मल्टी सर्विस ऑपरेटर्स और लोकल केबल ऑपरेटर्स को यह सिस्टम 29 दिसंबर तक लागू करना था लेकिन इसकी तारीख बढ़ाकर अब 31 जनवरी कर दी गई है।
नए टैरिफ के मुताबिक अब किसी भी चैनल के लिए उपभोक्ताओं को ग्राहकों को नेटवर्क कैपेसिटी फीस के रूप में हर महीने 130 रुपये देने होंगे जिसमें 100 चैनल्स मिलेंगे।100 चैनलों में ग्राहक की मर्जी के 65 फ्री टू एयर चैनल शामिल होंगे। भीटी के उपभोक्ता संतोष सिंह ने बताया कि नए नियम से उपभोक्ताओं को मनपसंद चैनल देखने का मौका मिलेगा। जबकि पहले 200 से 250 रुपये अदा करने के बाद केबल आपरेटर के मुताबिक ही चैनल देखने की सुविधा मिल पा रही थी। अंकुर सिंह ने बताया कि नए नियम से अधिक कीमत चुकानी पड़ेगी।
इनसेट
ट्राई के नए नियम का दूरदर्शन पर नहीं पड़ेगा असर
मऊ। ट्राई के नए नियम का दूरदर्शन पर असर नहीं पड़ेगा। दूरदर्शन पब्लिक सेक्टर के लिए फ्री है। डीडीएच 100 से अधिक चैनल प्रसारित करता है। जिसका पब्लिक से कोई शुल्क नहीं वसूला जाता है। प्रत्येक सर्विस प्रोवाइडर को दूरदर्शन के चैनल दिखाना अनिवार्य है।
इनसेट
केबल आपरेटरों ने ठप किया प्रसारण सेवा
मऊ। सीटी डिजीटल नेटवर्क द्वारा केबल आपरेटरों के उत्पीड़न से शहर में केबल टीवी प्रसारण सेवा बंद चल रही है। इससे उपभोक्ता परेशान हैं। जिले में सीटी नेटवर्क द्वारा वर्ष 2015 से लोकल केबल आपरेटरों के माध्यम से शहर में प्रसारण शुरू किया गया था। आपरेटर राजीव सिंह का कहना है कि सीटी नेटवर्क द्वारा आए दिन शहर के केबल आपरेटरों का आर्थिक व मानसिक शोषण किया जा रहा है। जबकि केबल आपरेटर बृजेश सिंह, मुकेश कुमार, मधुर जैसल का कहना है जब तक सीटी डिजीटल नेटवर्क के अधिकारियों द्वारा समस्याओं का निस्तारण नहीं किया जाएगा तब शहर में प्रसारण ठप रहेगा।