चिरैयाकोट (मऊ)। क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना राजकुमार ने सोमवार को मुहम्मदाबाद गोहना से चिरैयाकोट तक के 14 राष्ट्रीयकृत बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। कई बैंकों में सीसीटीवी कैमरे गलत स्थानों पर लगे पाए गए। कई बैंकों के सामने कैमरे नहीं लगे थे। सीओ ने बैंक प्रबंधकों को उन्हें उचित स्थानों पर लगवाने को कहा। निरीक्षण के समय कई बैंकों के आस पास मंडरा रहे 10 युवकों को पुलिस ने उठा लिया। उन्हें कोतवाली ले जाकर गहन पूछताछ करने के बाद हिदायत देकर छोड़ा।
क्षेत्राधिकारी राजकुमार तीन उपनिरीक्षकों को साथ लेकर मुहम्मदाबाद गोहना कसबे के सभी बैंक शाखाओं पर पहुंचे। बैंकों के सामने और अंदर लगे कैमरों की जांच पड़ताल की। इस दौरान कई कैमरे खराब मिले। सीओ ने उन्हें तत्काल ठीक कराने को कहा। कई बैंकों में सामने कैमरे नहीं लगे थे। कुछ बैंकों में प्रवेश द्वार के ठीक सामने कैमरे नहीं लगे थे। कई बैंकों में कैश काउंटर के सामने भी कैमरे नहीं लगे हैं। बैंकों में सुरक्षा कर्मी तैनात मिले। कई बैंकों के आसपास कई युवक संदिग्ध हालत में खड़े अथवा घूमते हुए दिखाई दिए। पुलिस इन सभी को अपने साथ ले गई। पूछताछ के बाद पुलिस ने भविष्य में बैंकों के आसपास बिना काम में न खडे़ रहने की हिदायत देकर छोड़ दिया। इसके साथ सीओ ने सड़क की पटरियों पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को अपने सामान दुकानों के अंदर ही रखने को कहा। पुलिस ने चिरैयाकोट बाजार में सड़क की पटरियों को अतिक्रमण मुक्त कराया। साथ ही अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी कि यदि भविष्य में फिर कोई पटरियों पर अतिक्रमण करता है तो उसके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। सीओ ने थानाध्यक्ष को निर्देशित किया कि बाजार में जाम की स्थिति न बनने दिया जाए।