मथुरा। कोरोना से बचाव का टीका लगवाने के लिए मथुरा जिले में युवाओं का टीकाकरण कार्य 10 मई से शुरू होने जा रहा है। इस टीकाकरण में 18 से 44 वर्ष के युवाओं को कोरोना का पहला टीका लगाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने टीकाकरण की सभी तैयारियां पूरी कर लीं हैं। जनपद के सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर यह वैक्सीन लगाई जाएगी। जिले को कोविशील्ड की 14 हजार और को-वैक्सीन की 8 हजार डोज प्राप्त हो गईं हैं। इन वैक्सीन को सीएमओ कार्यालय में बनाए गए कोल्ड चेन में रखा गया है।
अब तक 45 साल से ऊपर के लोग ही कोरोना का टीका लगवा सकते थे लेकिन 1 मई से देश में अगला टीकाकरण का चरण शुरू हो गया है। इस टीकाकरण में 18 साल और इससे ऊपर का हर व्यक्ति टीका लगवाने के लिए पात्र होगा। लेकिन 18 से 44 उम्र वाले लोगों के लिए कोविन वेब पोर्टल पर पंजीकरण कराना और टीकाकरण के लिए समय लेना अनिवार्य है। टीकाकरण अभियान को 18 साल से ऊपर के सभी व्यक्तियों के लिए खोलने के बाद अगर ऑनसाइट रजिस्ट्रेशन यानी टीकाकरण सेंटरों पर रजिस्ट्रेशन होता तो काफी भीड़ उमड़ती, जिसे नियंत्रित करना ही एक चुनौती होती। यही वजह है कि 18 से 44 आयुवर्ग के लोगों के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किया गया है।
सरकार की गाइडलाइन मिलने के बाद सोमवार से 18 से 44 वर्ष तक के लोगों का टीकाकरण कार्य शुरू किया जाएगा। इसमें जनपद के सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर कोरोना का पहला टीका लगाया जाएगा।
- डॉ. रवींद्र गुप्ता, मंडलीय ज्वाइंट डायरेक्टर स्वास्थ्य विभाग
कोविन एप पर रजिस्ट्रेशन कराएं
कोविशील्ड की 14 हजार एवं कोवैक्सीन की 8 हजार डोज मथुरा को मिल चुकी हैं। कोविन एप पर रजिस्ट्रेशन के पश्चात ही पहली डोज 18 से 44 व 45 से ऊपर के व्यक्तियों को लगाई जाएगी। कुल 22 हजार वैक्सीन में से 70 प्रतिशत डोज सेकेंड वैक्सीन लगने वालों के लिए आवंटित रहेगी, जबकि 30 प्रतिशत नए लोगों के लिए लगाई जाएगी। सेकंड डोज लगवाने वाले लोग अपना कार्ड दिखाकर लगवा सकते हैं।
यहां लगेंगी वैक्सीन
जिला महिला अस्पताल, हैजा अस्पताल, सुखदेव नगर, लक्ष्मी नगर, झींगुरपुरा, वृंदावन, छाता, मांट, चौमुंहा, कोसी, गोवर्धन, राया, सुरीर, बरसाना।