फोटो 1: मृतक शेर सिंह का फाइल फोटो
- फोटो : 1
सौंख। आंध्र प्रदेश के काकीनाड़ा में सड़क हादसे में थाना मगोर्रा क्षेत्र के गांव मल्हू निवासी ट्रक चालक की मौत हो गई। यह खबर मिलते ही परिजन आंध्र प्रदेश पहुंचे हैं। परिजन ने बताया कि शव बृहस्पतिवार को गांव पहुंचेगा। यहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। युवक पिछले माह कंपनी से छुट्टियां लेकर घर आया था।
थाना मगोर्रा के गांव मल्हू निवासी शेर सिंह नोएडा स्थित एक बाइक कंपनी में ट्रक चालक की नौकरी करते थे। वह शनिवार को नोएडा से ट्रक में बाइकें लोडकर आंध्र प्रदेश के काकीनाड़ा जनपद के लिए निकले थे। सोमवार देर रात करीब 11 बजे काकीनाड़ा क्षेत्र में अज्ञात ट्रक ने उनके ट्रक में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक चालक शेर सिंह की मौके पर मौत हो गई। चालक के पास मिले आधार कार्ड से आंध्र प्रदेश पुलिस ने उनकी शिनाख्त की। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे शेर सिंह के परिजन को आंध्र प्रदेश पुलिस से सूचना मिली। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
शेर सिंह के भाई तोताराम समेत अन्य परिजन मंगलवार रात को आंध्र प्रदेश के काकीनाड़ा पहुंचे और शव को लेकर अपने गांव मल्हू के लिए रवाना हुए। परिजन ने बताया कि शेर सिंह पिछले माह कंपनी से छुट्टी लेकर घर आए थे। छुट्टियां बिताकर वह शुक्रवार सुबह 8 बजे ड्यूटी पर चले गए। हादसे में शेर सिंह की मौत के बाद पत्नी सोनिया, पुत्र देव, पुत्री मानो समेत अन्य का रो-रोकर बुरा हाल है। शेर सिंह का शव वृहस्पतिवार को घर पहुंचेगा।