मथुरा। राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने सुरीर क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए किसानों, नौजवानों और धनगर समाज के हितों के प्रति अपनी कटिबद्धता दोहराई। कहा कि ''आपका आशीर्वाद ही मेरी असली ताकत है। मैं दिल्ली में आपकी ही आवाज बुलंद करने के लिए बैठा हूं''। आपके हक, न्याय और मान-सम्मान के साथ कभी कोई समझौता नहीं होगा।
लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती के अवसर पर नगलागढ़ बंबा में आयोजित सभा से पूर्व उन्होंने अहिल्याबाई की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। जनसभा में उन्होंने कहा सामाजिक और आर्थिक बदलाव में महिलाओं की करिश्माई ताकत और उनका योगदान सराहनीय है। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के खुले दरबार का स्मरण करते हुए कहा कि वही लोकतांत्रिक नींव आज भी हमारे देश और संविधान में कायम है। जयंत ने घोषणा करते हुए कहा कि पार्टी की हर बैठक में ग्रामीण अंचल के उन नौजवानों, नवाचारों (स्टार्टअप) और छोटे उद्यमियों को मंच दिया जाएगा, जिनका राजनीति से कोई ताल्लुक नहीं है। यह मंच एक सेतु के रूप में काम करेगा ताकि उनके अनुभव सुनकर नई पीढ़ी को प्रेरणा मिले। साथ ही अभिनव विचारों को ग्राहक मिल सकें।
रालोद प्रमुख ने कहा कि चौधरी चरण सिंह की विरासत का ही असर है कि किसान और कामगार भारत सरकार के नीति-निर्धारण के केंद्र बिंदु में हैं। इस दौरान पदाधिकारियों ने अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा भेंट की। इस दौरान बिजनौर के सांसद चंदन चौहान, सादाबाद विधायक प्रदीप चौधरी, गुड्डू, एमएलसी योगेश नौहवार, ब्रज प्रदेश अध्यक्ष ब्रजेश चाहर, जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह भरंगर, यशपाल बघेल, योगेंद्र फौजदार, जयवीर सिंह भूड़री, प्रीतम प्रमुख, कुंवर नरेंद्र सिंह, चेतन मलिक और प्रतीक चौधरी आदि मौजूद रहे।
केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
प्रेस वार्ता में जयंत चौधरी ने केंद्र सरकार की 12 साल की उपलब्धियों को गिनाया। कहा कि मानसून की अनिश्चितता और भीषण गर्मी के इस कठिन दौर में कम लागत व कम जल संसाधनों का प्रयोग कर वैज्ञानिक तरीके से किसानों ने बेहतर पैदावार की है। देश के किसानों ने लगभग 12,000 लाख मीट्रिक टन अनाज उत्पादन का नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
गबन की जांच कर रही एसआईटी
श्री राम मंदिर चढ़ावे में हुए गबन के सवाल पर जयंत चौधरी ने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गबन के मुद्दों को सोशल मीडिया पर उछाला है। राज्य सरकार द्वारा गठित एसआईटी मामले की जांच कर रही है।