मथुरा। अनियमित दिनचर्या और फास्ट फूड युवाओं में खून की कमी पैदा कर रहा है। खून की कमी होने के कारण उन्हें कमजोरी व अन्य बीमारी अपनी चपेट में ले रही हैं। जिला अस्पताल में रोजाना 4 से 5 मरीजों को खून चढ़ाया जा रहा है।
जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. रवि माहेश्वरी ने बताया कि मोबाइल के युग में युवा कसरत करना तो भूल गए हैं, साथ ही उनकी दिनचर्या भी बिगड़ गई है। दिनचर्या बिगड़ने के कारण घर के खाने से भी युवा परहेज करने लगे हैं। उन्हें घर के बजाय बाजार का खाना अच्छा लगता है। वर्तमान में फास्ट फूड युवाओं की सबसे ज्यादा पसंद बना है। फास्ट फूड के अधिक सेवन के कारण उनके शरीर को जरूरी विटामिन नहीं मिल पाते और शरीर में विटामिन की कमी हो जाती है। शरीर में प्रतिरोधक क्षमता कम होती है और खून की कमी भी हो जाती है।
उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में रोजाना 4-5 युवा मरीज खून की कमी के आ रहे हैं। जरा सा मौसम बदलते ही उन्हें बुखार, खांसी और जुकाम अपनी चपेट में ले लेता है। बुखार आने पर शरीर में एकदम कमजोरी आ जाती है। जांच करने पर पता चलता है कि युवा अवस्था में ही उनके शरीर में खून की कमी है। ऐसे मरीजों को रोजाना अस्पताल में खून चढ़ाया जाता है। साथ ही फास्ट फूड से दूरी बनाने, दिनचर्या सुधारने और व्यायाम करने की सलाह भी दी जाती है।