मथुरा। यमुना प्रदूषण मुक्ति मंच के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को गोपाल मंदिर के महाराज से मुलाकात की। इस दौरान यमुना सफाई के संबंध में सार्थक चर्चा हुई। गोपाल मंदिर के महाराज ने कहा कि इस बार आंदोलन आर-पार का होना चाहिए।
मंच के प्रमुख संजय हरियाणा ने बताया शुक्रवार को गद्दी गोपाल मंदिर के महाराज से मुलाकात की। यमुना की वर्तमान स्थिति पर सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि सर्वप्रथम यमुना की चिंता महाराज की ओर से ही की गई थी। यमुना प्रदूषण मुक्ति की शुरुआत इसी मंदिर से हुई थी। इस कारण गोपाल मंदिर के महाराज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। महाराज ने कहा है कि वर्तमान में यमुना आचमन योग्य ना होने के कारण यमुना जल लाना ठाकुर सेवा के लिए बंद कर दिया। आचमन लेना बंद कर दिया, मन बहुत दुखी है। यमुना शुद्ध होनी चाहिए। आंदोलनों का जिक्र करते हुए कहा कि आंदोलन समय-समय पर हुए, पर मैं चाहता हूं कि यह आंदोलन अबकी बार आर-पार का होना चाहिए। आप लोगों ने लिखा है,तो मथुरा की जनता इस आरपार के आंदोलन में शामिल होकर यमुना को वर्तमान अविरल धारा यमुना जल के रूप में वृंदावन से गोकुल आने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यमुना शुद्धीकरण के लिए एक बार प्रदेश के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री मोदी से भी मिलना चाहिए। मंच की ओर से मिलने वालों में पंडित पंकज शास्त्री चतुर्वेदी, मनीष कुमार गुप्ता एडवोकेट, प्रदीप शर्मा आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।