मथुरा। वृंदावन में सड़कों की दुर्दशा के संबंध में वृंदावन के भाजपा पार्षद शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग पहुंचे। यहां उन्होंने विभाग के एक्सईएन से मुलाकात करनी चाही, लेकिन उन्होंने पार्षदों को बिना मिले लौटा दिया। पार्षदों का आरोप है कि एक्सईएन ने उनके साथ अभद्रा भी की। इससे नाराज पार्षदों और उनके समर्थकों ने लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के बाहर खड़े होकर प्रर्दशन किया।
नगर निगम वृंदावन क्षेत्र के पार्षद रसिकवल्लभ नागार्च, पार्षद राहुल अधिकारी, हेमंत भारती, पार्षद पंकज अरोड़ा, युवा नेता शिवा निषाद ने बताया कि सड़कों की जर्जर हालत की समस्या को लेकर वे आज पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन से मिलने पहुंचे। वहां काफी देर तक उन्हें बाहर खड़े रखा। इसके बाद उनको अंदर बुलाकर अभद्र भाषा का प्रयोग किया। पार्षदों ने मुख्यमंत्री के साथ लोक निर्माण मंत्री के ट्वीटर पर तत्काल शिकायत दर्ज कराई है।
उन्होंने बताया कि वह वृंदावन की समस्याओं को लेकर लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन सनसवीर से मिलने आए थे। उन्होंने वृंदावन से आने की बात कही, तो कमरे में बुला लिया। जैसे ही हम लोगों ने प्रवेश किया, वह अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे। हमारी किसी बात को गंभीरता से सुना भी नहीं। पार्षदों का कहना है कि एक्सईएन के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वह कार्यालय में आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
-------
एक साथ दो व्यक्ति ही मिलने को कहा था, लेकिन वे काफी संख्या में कार्यालय में आ गए। कोरोना प्रोटोकाल का हवाला दिया गया, लेकिन पार्षद नाराज होकर लौट गए। अभद्र भाषा का प्रयोग नहीं किया।
- सनवीर सिंह, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड मथुरा
---