मथुरा। मथुरा के महिला जिला अस्पताल में बच्चा चोरी होने की सूचना पर हड़कंप मच गया। मौके पर पुलिस पहुंची और बच्चे की खोजबीन शुरू हुई। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पता लगा कि मां बिना बताए बच्चे को अपने साथ ले गई। बच्चा मिलने के बाद पुलिस और अस्पताल प्रशासन ने राहत की सांस ली।
गोवर्धन मार्ग नगला खुर्द निवासी खुशबू एक माह के बच्चे की तबियत बिगड़ने पर वह अपने बच्चे को महिला जिला चिकित्सालय दिखाने लाई थी। बच्चे की हालत गंभीर होने पर बच्चे को बेबी नर्सरी में उपचार के लिए भर्ती कर दिया। बुधवार की देर शाम बच्चे की हालत में सुधार होने पर मां दूध पिलाने के लिए अपने साथ ले गई। लेकिन काफी देर तक वह नहीं लौटी। बेड खाली देखकर नर्स और वार्ड ब्वाय ने खोजना शुरू किया।
डॉक्टर एके गुप्ता ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। हॉस्पिटल से बच्चा चोरी की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अवधेश प्रताप सिंह ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर बच्चे की छानबीन शुरू की। इसके बाद पुलिस ने बच्चे के परिजनों को फोन कर जानकारी की तो पता चला कि बच्चे को उसकी मां अपने साथ मायके ले गई। तब जाकर पुलिस और हॉस्पिटलकर्मियों ने राहत की सांस ली।