मथुरा। बलदेव के नगला मोहन (पटलौनी) में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। मृतका के भाई ने पति समेत पांच पर जलाकर मारने का मुकदमा दर्ज करवाया है।
थाना बलदेव के नगला मोहन (पटलौनी) निवासी गोवर्धन सिंह के बेटे संदीप का विवाह दो साल पहले राया के गांव गोंगा निवासी प्रेमपाल की बेटी से हुआ था। रविवार को विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में झुलस गई। आनन-फानन में उसे हास्पिटल में भर्ती कराया गया। यहां देरशाम विवाहिता ने दम तोड़ दिया।
मायके वालों ने हंगामा काटते हुए ससुरालीजनों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर जलाकर मारने का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची बलदेव पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि मृतका के भाई बिजेंद्र सिंह की तहरीर पर पति, सास, ससुर, देवर और चचिया ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी ससुरालीजन पुलिस की गिरफ्त में होंगे।