मांट-मथुरा मार्ग पर बुधवार की दोपहर स्पीड ब्रेकर पर बाइक उछलने से गिरी बाइक सवार महिला की तेज रफ्तार ट्रक से कुचलने से मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने मार्ग को जाम कर दिया। करीब डेढ़ घंटे बाद मुआवजे के आश्वासन पर लोग शांत हुए। हादसे का शिकार हुई बाइक पर तीन लोग सवार थे।
मांट के गांव जाबरा निवासी कुंवरपाल सिंह बुधवार को मोटरसाइकिल पर पत्नी गुलवीरी और परिवार की महिला जमुना देवी को लेकर नौहझील के गांव पालखेड़ा में रिश्तेदारी की गमी में जा रहे थे। मांट-मथुरा मार्ग पर गांव रामनगला के समीप बने स्पीड ब्रेकर पर बाइक पर पीछे बैठीं दोनों महिलाएं और कुंवरपाल बाइक उछलने से गिर पड़े।
इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से कुचलने से महिला गुलवीरी (40) की मौत हो गई। जमुना देवी और कुंवरपाल घायल हो गए। हादसे के बाद लोगों की भीड़ लग गई। परिवार वाले भी पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दी और नारेबाजी करने लगे।
लोगों का आरोप था कि जगह-जगह गलत तरीके से स्पीड ब्रेकर बनाने से हादसे हो रहे हैं। बाद में एसडीएम और दूसरे अफसर मौके पर पहुंचे और मुआवजे का आश्वासन दिया तब जाकर लोगों ने जाम खोला। हादसे में गंभीर घायल जमुना देवी को अस्पताल में भर्ती कराया है। कुुंवरपाल ने ट्रक चालक के खिलाफ थाना मांट में रिपोर्ट दर्ज कराई है।