मथुरा में 17 से 22 जुलाई तक आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध मुड़िया मेले में जो भक्त आने में अक्षम हैं। उनके लिए ऑनलाइन दर्शन की व्यवस्था की गई है। श्रीपाद रघुनाथदास गोस्वामी गद्दी की फेसबुक आईडी राधाकुंड श्यामकुंड पर 21 जुलाई को परंपरागत मुड़िया शोभायात्रा की शाम पांच बजे से लाइव स्ट्रीमिंग होगी। मुड़िया संतों की टीम भक्तों को घर बैठे मुड़िया मेला और शोभायात्रा के दर्शन कराएगी। भक्तों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए महाप्रभु मंदिर के मुड़िया महंत संत गोपालदास ने यह निर्णय लिया है।
संत गोपालदास ने बताया कि मेला के दौरान महाप्रभु मंदिर में धार्मिक आयोजन होंगे। पूर्णिमा से एक दिन पूर्व मुड़िया संत अपने सिर मुड़ाएंगे। पूर्णिमा के दिन यानी 21 जुलाई को संत सनातन के चित्रपट के साथ तमाम संत नाचते कूदते मानसी गंगा की परिक्रमा लगाएंगे। इतिहास से जुड़ी इस अद्भुत परंपरा में शामिल होने को दूरदराज से तमाम भक्त आते हैं, लेकिन किसी कारणवश आयोजन में शामिल न होने वाले भक्त घर बैठकर इस परंपरा के दर्शन कर सकेंगे।
भक्तों के लिए संवरने लगा ब्रज
गिरिराजजी की धरा का आंगन श्रद्धा के कदमों के स्पर्श के लिए तैयार है तो ब्रज का कण-कण भक्तों के आगमन को लेकर उत्साहित होकर संवरने लगा है। प्रशासन द्वारा मुड़िया मेला में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सातकोसीय परिक्रमा मार्ग में विकास कार्य कराए जा रहे हैं। कार्यों की धीमी गति अधिकारियों के तेवर देख रफ्तार पकड़ने लगी है। मानसी गंगा पर श्रद्धालुओं को स्नान के लिए चलने वाले फव्वारों को दुरुस्त किया जा रहा है। राधाकुंड, कुसुम सरोवर आदि कुंडों में स्नान पर प्रतिबंध रहेगा। मानसी गंगा के घाटों पर फव्वारे लगाए जाएंगे, ताकि श्रद्धालु स्नान कर सकें।