मथुरा के जवाहर बाग में फव्वारे पर अब लोगों को भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का दीदार होगा। इसके लिए मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण द्वारा करोड़ों की लागत से लाइट एंड साउंड सिस्टम लगवाया जा रहा है, जिसका निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
देश-विदेश से आने वाले तीर्थ यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण शहर को सजाने संवारने की योजनाओं पर कार्य कर रहा है। इसी शृंखला में शहर के जवाहर बाग में लाइट एंड साउंड सिस्टम का निर्माण किया जा रहा है। चार करोड़ 10 लाख की लागत से बनाए जा रहे इस सिस्टम के लिए पेड़ों के बीच पानी का विशाल टैंक बनाया जा रहा है। इसके बाद टैंक में फव्वारे और पंपिंग मशीन लगाई जाएंगी। इसके साथ ही रंग-गिरंगी लाइट एवं साउंड सिस्टम लगाए जाएंगे। प्रकृति के बीच फव्वारों पर लाइट से भगवान राधाकृष्ण की लीला को दर्शाया जाएगा। साथ ही सुमधुर भजन भी सुनाई देंगे।
एमवीडीए की इस परियोजना पर गाजियाबाद के आरके इंटरप्राइजेज द्वारा निर्माण कार्य किया जा रहा है। वर्तमान में लाइट एंड साउंड का कार्य 20 प्रतिशत हो गया है। एमवीडीए के सचिव अरविंद कुमार द्विवेदी ने बताया कि जवाहर बाग में लाइट एंड साउंड सिस्टम चार करोड़ 10 लाख की लागत से बनाया जा रहा है। इसमें भगवान कृष्ण की लीलाएं संगीत के साथ फव्वारों पर दिखेंगी। यह परियोजना 15 सितंबर तक पूरी होने की संभावना है।