जम्मू कश्मीर पैंथर्स पार्टी के संस्थापक और सर्वोच्च न्यायालय के सीनियर एडवोकेट प्रो. भीम सिंह रविवार को गोवर्धन पहुंचे। यहां उन्होंने जतीपुरा परिक्रमा मार्ग स्थित शंकराचार्य आश्रम पर शंकराचार्य अद्योक्षजानंद से जम्मू कश्मीर सहित देश के अन्य पहलुओं पर चर्चा की।
पत्रकार वार्ता में प्रो. भीम सिंह नेे कहा कि वह श्रीकृष्ण की जन्मस्थली को प्रणाम करने आए हैं। उन्होंने राम मंदिर निर्माण और धारा 370 के लिए आरएसएस और मोदी सरकार पर सवाल उठाए। प्रो. भीम सिंह कहा कि दोनों इस विषय पर बात क्यों नहीं करते। जम्मू कश्मीर में हमें मानवाधिकार चाहिए।
दिल्ली का प्रभाव असम और जम्मू कश्मीर में देखने को क्यों नहीं मिल रहा है। जम्मू कश्मीर में लगातार होते तिरंगे के अपमान पर भीम सिंह ने कहा कि 70 साल से यही माहौल है। शैतान को जिंदा रखने की कोशिश की जाती है। लोगों में भय पैदा कर वोट बटोरे जा सकते हैं।
जम्मू कश्मीर के लोग अपनी इच्छा से भारत से जुड़े थे। किसी मुस्लिम ने आज तक पाकिस्तान के हक में आवाज नहीं उठाई। हमारा समुदाय सरकार की नीतियों के खिलाफ है। हमें पूर्ण अधिकार चाहिए। जम्मू कश्मीर का विधान भारत देश के विधान से अलग क्यों है? वहां भारतीय नागरिक हैं तो मानवाधिकार क्यों नहीं है? इस मौके पर पैंथर्स पाटी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष जौली खोसला, नसरीन हामिद मौजूद थे।