मथुरा। शहर कोतवाली की ओम नगर कॉलोनी में महिला ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। पुलिस ने मायका पक्ष को सूचना दे शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सीओ सिटी भूषण वर्मा ने बताया कि बुधवार की सुबह 11 बजे के करीब सूचना मिली कि ओमनगर कॉलोनी में एक महिला ने फंदा लगाकर जान दे दी है। सीओ ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि महिला का नाम प्रिया (25) है। भरतपुर के कुम्हेर गेट निवासी प्रिया की 2020 में ओमनगर निवासी विष्णु के साथ शादी हुई थी। शादी के बाद प्रिया ने दो बच्चों को भी जन्म दिया।
बताया कि विष्णु के दो मंजिला मकान में नीचे गिलट की पाजेब बनाने का काम होता है, जबकि ऊपर के हिस्से में वह अपने परिवार के साथ रहते हैं। मंगलवार की रात को पति-पत्नी का किसी बात पर विवाद हुआ। बुधवार की सुबह फिर विवाद हुआ तो इससे क्षुब्ध होकर प्रिया ने कमरे में पंखे के हुक से साड़ी का फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुला लिया। मायका पक्ष भी आ गया। सीओ ने बताया कि अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।