मथुरा। भारतीय जनता पार्टी अपने 46वें स्थापना दिवस को यादगार बनाने की तैयारियों में जुट गई है। पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में एक सप्ताह तक चलने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने बताया कि 5, 6 और 7 अप्रैल को जिला और मंडल कार्यालयों को फूल, रंगोली और लाइटिंग से सजाया जाएगा। 6 अप्रैल को स्थापना दिवस है। इस दिन जिला कार्यालय पर ध्वजारोहण, मिष्ठान्न वितरण और विकास यात्रा उद्बोधन के कार्यक्रम होंगे। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ता अपने-अपने घरों पर भी पार्टी का ध्वज फहराएंगे। महानगर अध्यक्ष ने बताया कि 6 और 7 अप्रैल को प्रत्येक बूथ पर प्राथमिक और सक्रिय सदस्यों के साथ स्थापना दिवस मनाया जाएगा। पूर्व विधायक कारिंदा सिंह ने कहा कि स्थापना दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि पार्टी की मूल विचारधारा और जनसेवा के प्रति पुनः संकल्प लेने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।
महानगर मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा ने बताया कि 7 से 12 अप्रैल तक ग्राम और बस्ती स्तर पर संपर्क अभियान में स्वच्छता कार्यक्रम, जनसंपर्क और समाज के विभिन्न वर्गों के 25 से 30 प्रमुख व्यक्तियों का सम्मान किया जाएगा। इसके लिए महानगर संयोजक और सह-संयोजक नियुक्त किए गए हैं।
बैठक में कुंज बिहारी चतुर्वेदी, विनीत शर्मा, संजय शर्मा, सुरेंद्र प्रधान, ललित गौतम, प्रणय पाराशर, दीपक गोला, मनोज सौनोठ, अंकुर गुर्जर, बृजेश अहेरिया, पूजा चौधरी, कल्पना गर्ग, केके गौतम, लोकेश तायल, राजू चौधरी, हाकिम सिंह, टीटू प्रकाश गौड़ आदि उपस्थित रहे। संचालन महामंत्री ज्ञानेंद्र राणा ने किया।