मथुरा। जिला अस्पताल की ओपीडी में मंगलवार को मरीज को देखते चिकित्सक।
- फोटो : mathura
मथुरा। मौसम में उतार-चढ़ाव का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। जिला अस्पताल की ओपीडी में इन दिनों फ्लू इन्फ्लूएंजा के लक्षण मरीजों में देखने को मिल रहे हैं। ऐसे मरीजों को सही होने में 7 से 10 दिन तक का समय लग रहा है। चिकित्सकों का कहना है इन मरीजों के अंदर बुखार, सर्दी-जुकाम, गले में खराश की परेशानी के लक्षण मिल रहे हैं। इसके अलावा सांस लेने की संबंधी समस्याओं को लेकर भी मरीज पहुंच रहे हैं।
अस्पताल के चिकित्सक डॉ. सिद्धार्थ धनगर ने बताया कि मौसम बदलने के साथ मरीज बढ़े हैं। इन्फ्लूएंजा वायरस के कारण होने वाली श्वसन बीमारी है, जिसमें आपको बुखार, खांसी, सिरदर्द, मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द के साथ थकान की समस्या हो सकती है। वैसे तो ज्यादातर लोग बिना उपचार के ही इस संक्रमण से ठीक हो जाते हैं। हालांकि कुछ स्थितियों में इसे सही होने में 10 दिन तक का समय लगा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस समय ठंडी चीजों का सेवन बिल्कुल नहीं करना चाहिए। एंटीबायोटिक का सेवन न करें। मरीज को स्वयं ही मेडिकल स्टोर से दवा लेकर नहीं खानी है। उन्होंने बताया कि मंगलवार की ओपीडी में ऐसे मरीजों की संख्या 30 से 35 रही है। मरीजों को ध्यान रखने के साथ बचाव की सलाह दे रहे हैं।
सीएमएस डॉ. नीरज अग्रवाल ने बताया कि मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ी है। सभी मरीजों को उपचार मिल रही है। चिकित्सकों को भी निर्देश दिए हैं कि ओपीडी में आने वाले मरीजों को समय से इलाज मिले।
क्या करें
- मास्क का प्रयोग करें, सूप, चाय, कॉफी का सेवन ज्यादा करें, छींकते या खांसते समय मुंह और नाक को ढकें, आंखों और नाक को छूने से बचें व भरपूर मात्रा में तरल पदार्थ लें।