गोपीनाथ बाजार में भरे दूषित पानी से होकर निकलते लोग।
वृंदावन। गोपीनाथ बाजार में बिन बारिश जलभराव होने से जहां दुकानदारों का व्यापार प्रभावित हुआ है, वहीं राहगीरों को नाली के दूषित पानी में होकर जाना पड़ रहा है। आए दिन बाजार में नालियों के दूषित पानी से होने वाले जलभराव को लेकर क्षेत्रीय लोगों में रोष व्याप्त है। एक दशक पुरानी इस समस्या के आगे नगर निगम भी बेबस है।
हाड़ावाड़ी तिराहा से पत्थरपुरा तिराहे तक बाजार में जलभराव के कारण सुबह के समय स्थानीय लोगों एवं श्रद्धालुओं को दूषित पानी में होकर निकलना पड़ा। बाजार में कई घंटे जलभराव रहने से दर्जनों दुकानों के सामने नाली का पानी भर गया और ग्राहक नहीं पहुंचे।गोपीनाथ बाजार के दुकानदार राम सेवक अग्रवाल, अखिल अग्रवाल, नीरज एवं सनोज ने बताया कि बाजार में जलभराव की समस्या एक दशक से अधिक पुरानी है। इसके निदान के लिए कई बार प्रदर्शन एवं निगम कार्यालय को ज्ञापन दिए जा चुके हैं, इसके बावजूद नगर निगम द्वारा समस्या का निदान नहीं किया जा रहा है। अपर नगर आयुक्त सीपी पाठक ने बताया कि गोपीनाथ बाजार में जलभराव की समस्या का निदान किया जाएगा। इसके लिए बाजार की सभी नालियों से अतिक्रमण हटाकर उन्हें साफ किया जाएगा। उन्होंने दुकानदारों से अपील की है कि वह नालियों की ऊपर अतिक्रमण न करें, ताकि नालियों की नियमित सफाई हो सके।