कोसीकलां। भीषण गर्मी में खतरा सिर्फ लू और धूप तक सीमित नहीं है। घरों की छतों पर रखीं पानी की टंकियां तपकर सेहत पर वार कर रही हैं। दोपहर में नलों से निकलने वाला पानी इतना गर्म हो रहा है कि नहाना क्या हाथ धोना तक मुश्किल हो रहा है। मजबूरी में लोग इसी पानी का इस्तेमाल कर रहे हैं। बैक्टीरिया व काई बढ़ने से डॉक्टर इसे खतरनाक मान रहे हैं।
इन दिनों तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। दोपहर के वक्त टंकियों का पानी उबलने लगता है। सुबह 10 बजे के बाद नल खोलते ही गर्म पानी निकलता है। ब्राह्मणपुरी निवासी पिंटू उपाध्याय ने बताया कि दोपहर में पानी इतना गर्म हो जाता है कि बच्चों को नहलाना मुश्किल हो जाता है। पहले पानी को ठंडा करना पड़ता है, तब इस्तेमाल करते हैं। गृहिणी शालू कहती हैं, नहाने के बाद शरीर में खुजली और जलन बढ़ गई है। डॉक्टर ने ठंडे पानी से नहाने की सलाह दी है।
सीएचसी प्रभारी डाॅ. गिरेंद्रपाल सिंह का कहना है। अत्यधिक गर्म पानी से नहाने पर त्वचा की नमी खत्म होती है, जिससे खुजली, एलर्जी और इंफेक्शन के मामले बढ़ते हैं। गर्म पानी पीने से गले और पाचन तंत्र पर भी असर पड़ सकता है। फिजीशियन डॉ. प्रकाश अग्रवाल बताते हैं, गर्मी में पहले ही त्वचा संवेदनशील रहती है। ऐसे में गर्म पानी से नहाना स्किन डैमेज को और बढ़ा देता है, वहीं बालों की जड़ें भी कमजोर होती हैं।
-
इसलिए खतरनाक हो रहा टंकी का पानी
तेज धूप में प्लास्टिक से पानी में केमिकल का घुलना
पानी का तापमान अत्यधिक स्तर तक बढ़ जाना
गर्म पानी पीने पर गला और पाचन तंत्र प्रभावित
टंकी के पानी से नहाने पर त्वचा, बालों को नुकसान
-
कैसे करें बचाव
टंकी की नियमित सफाई कराएं
पीने से पहले पानी ठंडा करें
टंकी को ढकें या सफेद रंग से पेंट करें
सुबह या देर शाम का पानी इस्तेमाल करें
पाइपलाइन और ढक्कन की जांच रखें
===