छाता। कोसीकलां के नगला हसनपुर के पंचवटी मंदिर में बनी गोशाला व मंदिर की बदहाल हालत पर मंगलवार को मंदिर के महंत व समाजसेवी लोगों ने समस्या के निस्तारण के लिए उप जिलाधिकारी से शिकायत की है।
पंचवटी मंदिर के महंत सीताराम बाबा ने बताया कि पंचवटी मंदिर आगरा कैनाल नहर व रेल पटरी के बीच में स्थित है। इंडस्ट्रियल एरिया के कर्मचारियों द्वारा आगरा कैनाल नहर की पटरी काट दी गई है, जिस कारण पूरे मंदिर और गोशाला में दूषित पानी भर गया है। इससे गाय बीमार हो गई हैं। गायों के लिए रखा चारा, भूसा भी खराब हो गया है। उनका कहना है कि कोटवन औद्योगिक क्षेत्र का दूषित पानी सीधे नहर में जा रहा है, जिससे किसानों की बोई हुई फसल भी बर्बाद हो रही है। जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। इसे लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी हैं, परंतु समस्या का समाधान नहीं हुआ है। लोगों ने मंदिर व गोशाला में भरे हुए जल भराव निकासी की मांग उपजिलाधिकारी से की। इस दौरान गिर्राज बाल्मीक, नंदकिशोर एडवोकेट, परशुराम रमेश चंद, अमरचंद, मुकेश समेत अन्य मौजूद रहे। संवाद