जिले में दूसरे चरण का मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। मंगलवार को मांट तहसील के नौहझील और मांट ब्लॉक में कुल 58.77 प्रतिशत वोटिंग हुई। इसमें मांट ब्लॉक में 56.34 और नौहझील ब्लॉक में 61.20 प्रतिशत वोट डाले गए।
मतदान के दिन ही नवरात्र शुरू होने के कारण सुबह मतदान केंद्रों पर कम वोटर पहुंचे। पहले दो घंटे में सिर्फ नौ प्रतिशत वोट पड़े थे। अगले दो घंटे में मतदान प्रतिशत 21.5 हो गया। इन चार घंटों के दौरान मांट ब्लॉक में मतदान की गति नौहझील से कम ही रही। इसके बाद कुछ तेजी आई। दोपहर एक बजे मतदान प्रतिशत 35.9 पर पहुंच गया, दोपहर तीन बजे यह आंकड़ा 50 प्रतिशत के करीब जा पहुंचा।
इस तरह द्वितीय चरण का कुल मतदान प्रतिशत 58.77 प्रतिशत रहा है। इसमें मांट ब्लॉक के मतदाता नौहझील के मुकाबले मतदान में पीछे रहे।
इस तरह मंगलवार को द्वितीय चरण में 2.65 लाख मतदाताओं में से 1.56 लाख मतदाताओं ने अपने वोट डाले। इसमें नौहझील में 84783 और मांट में 71474 वोट पड़े। द्वितीय चरण के मतदान की तुलना प्रथम चरण से करें तो 6.2 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई।
प्रथम चरण के अंतर्गत छाता, चौमुंहा और नंदगांव ब्लॉक में 64.97 प्रतिशत मतदान हुआ था। इसमें सर्वाधिक छाता ब्लॉक का मतदान 69.54 प्रतिशत, चौमुंहा में 62.66 और नंदगांव में 62.72 प्रतिशत था।
मतदान प्रतिशत में...
ब्लॉक - 9 बजे 11 बजे 1 बजे 3 बजे 5 बजे
नौहझील- 09.5 21.6 36.0 50.7 61.20
मांट- 08.5 21.4 35.8 48.4 56.34
औसत- 09.0 21.5 35.9 49.5 58.77