जिले की 547 ग्राम पंचायतों की अपनी-अपनी सरकार आज सामने आ जाएगी। ग्राम पंचायत के लिए चार चरणों में हुए मतदान के बाद आज रविवार को मत पेटिकाएं कड़े सुरक्षा घेरे में खुलने जा रही हैं। सुबह सात बजे ब्लॉक स्तर पर मतगणना का कार्य शुरू हो जाएगा। सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
प्रदेश स्तर पर ग्राम पंचायत के चार चरणों में हुए चुनाव की मतगणना रविवार को होगी। इसके लिए सभी तैयारियां हो गई हैं। प्रत्येक मतगणना स्थल को कडे़ सुरक्षा पहरे में रखा गया है। उपद्रव रोकने के लिए 3000 सुरक्षा कर्मी तैनात रहेंगे। प्रत्याशियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मतगणना स्थल से बाहर ही घेराबंदी की गई है। विजय जुलूस पर पूरी तरह से प्रतिबंध है। शराब के ठेके भी बंद रहेंगे।
95 न्याय पंचायतों की 547 ग्राम पंचायतों के लिए 4186 उम्मीदवार इस बार चुनाव मैदान में हैं। अधिकतम 16 राउंड में मतगणना होगी। ग्राम पंचायतों की संख्या के अनुसार टेबल लगाई गई हैं। मतगणना की पूर्व संध्या को डीएम राजेश कुमार ने सभी अफसरों के साथ करीब दो घंटे तक बैठक की। इसमें आरओ और एआरओ को खास दिशा निर्देश दिए। मोबाइल प्रतिबंध का कड़ाई से पालन के साथ रीकाउंटिंग और मतपत्र के निरस्तीकरण को लेकर खास एहतियात बरतने को कहा।
मतगणना हाल ‘नो मोबाइल जोन’
जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत राजेश कुमार के अनुसार मतगणना हाल में मोबाइल फोन के साथ प्रवेश पूर्णतया वर्जित रहेगा। मतगणना कर्मी, मतगणना अभिकर्ता, प्रत्याशी और अन्य किसी भी व्यक्ति को मोबाइल के साथ मतगणना कक्ष में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। एआरओ भी मोबाइल नहीं ले जाएंगे।
ठीक सात बजे शुरूआत
मतगणना के लिये तैनात कार्मिक, आरओ और एआरओ मतगणना स्थल पर सुबह छह बजे अनिवार्य रूप से पहुंच जाएंगे। मतगणना सुबह ठीक 7.00 बजे से प्रारंभ हो जाएगी।
आठ किमी परिधि में ठेके बंद
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर जिले में मतगणना दिवस13 दिसंबर को मतगणना शुरू होने पर सभी मतगणना स्थलों से आठ किमी की परिधि में देशी शराब, विदेशी मदिरा, बीयर, मॉडलशॉप और भांग की दुकान व अन्य मादक पदार्थों की बिक्री मतगणना की समाप्ति तक पूर्णरूप से बंद रहेगी।
यहां होगी मतगणना
ब्लॉक स्तर पर बने मतगणना स्थल में चौमुंहा के सर्वोदय इंटर कालेज, छाता के गांधी इंटर कालेज, नंदगांव के श्रीकृष्ण चैतन्य इंटर कालेज, मांट के ब्रज आदर्श इंटर कालेज, नौहझील के जनता इंटर कालेज, मथुरा के राजकीय इंटर कालेज जनरलगंज, फरह के पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय कन्या इंटर कालेज, गोवर्धन के डीएवी इंटर कालेज, राया के नवीन मंडी समिति और बलदेव के ऋषिकुल इंटर नेशजल स्कूल प्रेम नगर रमणरेती मार्ग बलदेव रोड महावन शामिल हैं।
ब्लॉक ग्राम पंचायत प्रधान उम्मीदवार पंचायत सदस्य रिक्त निर्विरोध चुनाव
नंदगांव 38 347 512 119 298 95
मांट 43 464 573 139 334 100
नौहझील 67 489 843 183 560 101
फरह 55 341 703 163 482 58
गोवर्धन 44 360 614 128 383 103
राया 68 520 870 272 465 133
बलदेव 60 454 774 192 489 93
चौमुंहा 41 242 537 76 389 72
छाता 56 548 728 159 450 119
मथुरा 75 709 1102 135 593 293
- मथुरा ब्लॉक प्रधान पद पर दो उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।