यूनिवर्सिटी परिसर में नमाज पढ़ते छात्र
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश स्थित तीर्थ नगरी मथुरा में संस्कृति यूनिवर्सिटी में कश्मीरी छात्रों द्वारा खुले में नमाज पढ़ने का वीडियो सामने आया है। इसमें देखा जा सकता है कि छह छात्र यूनिवर्सिटी परिसर में नमाज पढ़ रहे हैं। वीडियो सामने आया तो इस पर चर्चा भी शुरू हो गई। हिंदू संगठनों ने इसका विरोध भी किया है। हालांकि यह वीडियो 30 दिन पुराना बताया जा रहा है।
संस्कृति यूनिवर्सिटी में नमाज पढ़ने का वीडियो आने के बाद हिंदू संगठन विरोध इसका विरोध कर रहे हैं। अखिल भारत हिंदू महासभा ने बयान जारी कर कहा कि छात्रों ने यूनिवर्सिटी परिसर में नमाज पढ़ी है। कार्रवाई नहीं हुई तो अखिल भारत हिंदू महासभा हनुमान चालीसा पढ़ेगा।
अभाहिं महासभा ने छात्रों के खिलाफ खोला मोर्चा
महासभा की जिलाध्यक्ष छाया गौतम ने कड़ा विरोध जताते हुए नमाज पढ़ने वाले छात्रों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कहा कि काफी समय से यहां खुले में नमाज पढ़ने की सूचना मिल रही थी। वीडियो सामने आने के बाद अब प्रमाण भी मिल गया है। शनिवार को महासभा के कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पहुंचे। यहां प्रदर्शन करते हुए डीएम को ज्ञापन भी सौंपा।
छह दिन से लगातार पढ़ी जा रही थी नमाज
जम्मू कश्मीर के करीब 82 छात्र स्कॉलरशिप पर पढ़ने के लिए संस्कृति यूनिवर्सिटी आए हैं। जानकारी के मुताबिक इसी ग्रुप के छात्रों ने खुले परिसर में नमाज पढ़ी है। अभाहिं महासभा की जिलाध्यक्ष छाया गौतम ने कहा कि यहां इसी तरह नमाज पढ़ी जा रही है। यहां से उनको छह दिन से लगातार नमाज पढ़ने का वीडियो मिला है।
छात्रों को समझा दिया गया है
यूनिवर्सिटी के पीआरओ किशन चतुर्वेदी ने बताया कि मामला करीब एक महीने पहले का है। छात्रों को बुलाकर समझा दिया गया है। अब ऐसा कुछ नहीं हैं। छात्र अपने हॉस्टल के कमरे में ही धार्मिक कार्य करते हैं। कुछ लोग मामले को बिना वजह के तूल दे रहे हैं।