मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के लिए पुलिस ने आज सुबह आठ बजे से रूट डायवर्जन (मार्ग परिवर्तन) लागू किया है। 5 सितंबर सुबह नौ बजे तक यह व्यवस्था लागू रहेगी। इस दौरान कई मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। फायर सर्विस, एंबुलेंस और इमरजेंसी वाहन जा सकेंगे।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों भूतेश्वर तिराहा, मसानी चौराहा, डीग गेट, गणेशरा कट, महाविद्या कॉलोनी और रूपम तिराहा से वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। गोवर्धन और मंडी चौराहा से भूतेश्वर की ओर रोडवेज बस, ट्रैक्टर और भारी वाहनों को भी प्रतिबंधित किया गया है। नए बस स्टैंड से भूतेश्वर और कृष्णानगर बिजलीघर तिराहे से भूतेश्वर की ओर भी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। रोडवेज और नगर निगम की बसों को मालगोदाम और जयगुरुदेव-औद्योगिक क्षेत्र वाले वैकल्पिक मार्ग से संचालित किया जाएगा।
वृंदावन में छटीकरा, पानीगांव, सौ-सैय्या, रुक्मिणी विहार और गोकुल रेस्टोरेंट-मसानी चौराहा से वृंदावन की ओर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। छटीकरा-वृंदावन मार्ग पर मल्टीलेवल पार्किंग से आगे वाहन नहीं जा सकेंगे। श्रद्धालुओं के लिए आईटीआई, दारुख, एमवीडीए, पशुपैठ, वैष्णोदेवी, मल्टीलेवल और अन्य पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
40 स्थानों पर की गई पार्किंग की व्यवस्था
श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए अलग-अलग दिशाओं से आने पर पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। एनएच-19 से आने वाले वाहन मंडी परिसर में, गोवर्धन-मंडी की ओर से आने वाले वाहन भूतेश्वर फायर सर्विस पार्किंग में तथा यमुना एक्सप्रेसवे से वृंदावन की ओर से आने वाले वाहन पीएमवी पॉलीटेक्निक, जयसिंहपुरा के खाली प्लॉटों में पार्क होंगे। वीआईपी वाहनों के लिए पोतरा कुंड के पश्चिम में पार्किंग निर्धारित की गई है। नगर निगम ने 40 से अधिक स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की है।