मथुरा। जन्माष्टमी पर शिव के धाम वाराणसी और श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या से दिव्य प्रसाद और उपहार आज श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचेंगे। श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान द्वारा तैयार कराई गई पोशाक एवं शृंगार का सामान आज शोभायात्रा निकालकर धाम से आए दिव्य प्रसाद, उपहार के साथ ठाकुरजी को अर्पित किया जाएगा।
काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास, वाराणसी एवं श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र, अयोध्या धाम से प्रसाद एवं उपहार आज मथुरा पहुंचेंगे। श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा और सदस्य गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी ने बताया कि दोनों धाम से प्राप्त प्रसाद-उपहार तथा संस्थान द्वारा तैयार कराई गई पोशाक व शृंगार सामग्री को शोभायात्रा के रूप में श्रीकृष्ण जन्मस्थान लाया जाएगा। शोभायात्रा ढोल, मृदंग, झांझ, मजीरे और डमरू की मंगल ध्वनि के बीच रेलवे क्रॉसिंग बैरियर मुख्य मार्ग स्थित कृष्णद्वार (गेट नंबर-1) से प्रवेश करेगी। उपहार-प्रसाद तथा पोशाक को ठाकुरकेशव देव महाराज, अष्टभुजा मां योगमाया एवं श्रीगर्भ-गृह मंदिर में अर्पित किया जाएगा। इसके बाद भागवत भवन में युगल सरकार राधाकृष्ण के समक्ष वैदिक मंत्रोच्चार के अनुसार पोशाक एवं शृंगार सामग्री अर्पित की जाएगी।