मथुरा। क्रिकेट एकेडमी फॉर एक्सीलेंस (सीएई) द्वारा आयोजित कॉर्पोरेट कप क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ सीपी क्रिकेट स्टेडियम रावल में हुआ। टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में यूपीपीसीएल ने यूएचए 11 को एकतरफा हराकर प्रतियोगिता में शानदार शुरुआत की।
मुख्य अतिथि दीपक सारस्वत भोपा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया। टॉस जीतकर यूपीपीसीएल के कप्तान पुष्पेंद्र पांडे ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए यूएचए 11 की टीम 20 ओवर में 123 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से श्री कृष्ण यादव ने 43 रन की सर्वाधिक पारी खेली जबकि अमोघ ने 19 और अखिल ने 18 रन का योगदान दिया। यूपीपीसीएल की गेंदबाजी काफी सटीक रही, जिसमें नीरज कुमार ने 3 विकेट और नीरज चौधरी ने 2 विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूपीपीसीएल की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 15 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 127 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। मनीष यादव ने 54 और रविकांत ने 45 रन बनाए। मनीष यादव को प्लेयर ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। अंपायरिंग जगदीश अग्रवाल और दिलीप ने की।