मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र की वैकुंठ विहार कॉलोनी में एक निजी विश्वविद्यालय के ट्रांसपोर्ट एडमिन को जान से मारने की धमकी दी गई है। ट्रांसपोर्ट एडमिन अजय कुमार श्रीवास्तव ने एसएसपी से शिकायत कर जेल से छूटकर आए नामजद आरोपी अशांतोष गौतम और उसके साथियों पर धमकी देने का आरोप लगाया है। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज जांच शुरू कर दी है।
वैकुंठ विहार निवासी अजय कुमार श्रीवास्तव ने प्रार्थनापत्र में आरोप लगाया था कि सोमवार रात करीब 9:20 बजे अशांतोष गौतम कुछ अज्ञात लोगों के साथ उनके घर पहुंचा। आरोपी स्कूटी और कार से आए थे। घर के बाहर पहुंचकर आरोपियों ने गाली-गलौज की। उन्होंने अजय कुमार और उनके परिजन को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित के अनुसार, विवाद की वजह पुरानी रंजिश है। अजय कुमार ने एक पुराने करोड़ों रुपये के कथित गबन के मामले में दीपक गोयल की रकम की रिकवरी में सहयोग किया था। इसके एवज में उन्हें टाटा पंच कार मिली थी। अशांतोष गौतम इसी बात पर उनसे रंजिश मानता है।
अजय कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि अशांतोष गौतम जेल से बाहर आने के बाद उनके घर पहुंचा था। आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर परिवार को डराने-धमकाने की कोशिश की। अजय कुमार ने अपनी और परिजन की सुरक्षा को खतरा बताया है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सीओ रिफाइनरी प्रवीन तिवारी ने एसएसपी के निर्देश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी चेक बाउंस के मामले में जेल से छूटकर आया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।