मथुरा। उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज की ओर से आयोजित होने वाली उप्र शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 आज से जनपद के 15 केंद्रों पर शुरू हो रही है। दो, तीन और चार जुलाई को होने वाली परीक्षा में 32469 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमरेश कुमार ने बताया कि प्रथम पाली सुबह 9:30 से 12:30 बजे और द्वितीय पाली दोपहर 2:30 से शाम 5 बजे तक होगी। पहले दिन दोनों पालियों में उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) की परीक्षा होगी, जिसमें कुल 12,686 अभ्यर्थी बैठेंगे। 3 जुलाई को प्रथम पाली में उच्च प्राथमिक और द्वितीय पाली में प्राथमिक स्तर की परीक्षा होगी। 4 जुलाई को केवल प्रथम पाली में प्राथमिक स्तर के 6,720 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
परीक्षा के लिए 15 सेक्टर और 15 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल रहेगा। परीक्षा केंद्रों के आसपास की फोटो स्टेट और साइबर कैफे की दुकानें बंद रहेंगी। केंद्रों पर सीसीटीवी से निगरानी रहेगी। केंद्रों पर फेस स्कैनिंग और लाइव फोटोग्राफी जैसी तकनीकों से बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा।