यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 16 मार्च से शुरू हो रही हैं। परीक्षा के इस महाकुंभ में जिले में कुल 88476 छात्र-छात्राएं सम्मिलित होेेंगे। नकल विहीन परीक्षाएं कराने के लिए पुलिस, प्रशासन और शिक्षा विभाग अधिकारियों ने पूरी तैयारी कर ली है। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की 16 मार्च को पहला पेपर हिंदी का होगा। अपेक्षाकृत आसान हिंदी के पेपर से परीक्षा शुरू होने से छात्र-छात्राएं खुश हैं। परीक्षाओं के लिए जिले में 194 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। नकल रोकने के लिए पूरे जिले को आठ जोन और 27 सेक्टर में बांटने के साथ ही 100 स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को भी जिम्मेदारी दे दी गई है।
डीआईओएस डॉ. आईपी सिंह सोलंकी ने कहा कि यदि किसी भी परीक्षा केंद्र पर नकल होती मिली तो केंद्र व्यवस्थापक और कक्ष निरीक्षक के खिलाफ एफआईआर कराई जाएगी। पेपर में उसी विषय के शिक्षक की ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी। सामूहिक नकल की स्थिति में आजीवन डिबार की संस्तुति की जाएगी। ड्यूटी के दौरान कक्ष निरीक्षक के पास पहचान पत्र होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि देहात के परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को पत्र लिखा गया है।
यदि परीक्षा केंद्र की ओर से तहसीलवार बनाए संकलन केंद्रों पर यदि उत्तर पुस्तिकाएं देरी से जमा कराई जाती हैं और संकलन केंद्र यह लिखकर देता है तो उस परीक्षा केंद्र के भी डिबार की संस्तुति की जाएगी।
नकल का केंद्र है जनपद
मथुरा जिले को यूपी बोर्ड परीक्षाओं की दृष्टि से नकल का केंद्र माना जाता है। यहां प्रदेश के कई जिलों के अलावा हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान आदि राज्यों के छात्र-छात्राएं पास होने की गारंटी में आते हैं। नकल के एवज में यहां बाहरी परीक्षार्थियों से मोटी कीमत वसूली जाती है।
आंकड़े एक नजर में
कुल परीक्षा केंद्र- 194, संवेदनशील-49, अतिसंवेदनशील- 04
केंद्र व्यवस्थापक- 194, कक्ष निरीक्षक-4400, परिषदीय शिक्षक-1650
जोनल मजिस्ट्रेट- 08, सेक्टर मजिस्ट्रेट- 27, स्टेटिक मजिस्ट्रेट- 100
कुल परीक्षार्थी- 88476, हाईस्कूल- 48143, इंटरमीडिएट- 40333
कंट्रोल रूम पर कर सकते हैं शिकायत
डीआईओएस ने कंट्रोल रूम का नंबर जारी किया है ताकि कोई भी समस्या होने पर शिकायत की जा सके। साथ ही अपना सीयूजी नंबर भी दिया। कंट्रोल रूम का नंबर 2550020 और सीयूजी नंबर 9454457564 है।
आ चुकी हैं करीब आठ लाख कॉपियां
बोर्ड परीक्षाओं के लिए हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की मिलाकर करीब आठ लाख कॉपियां आ चुकी हैं। इसमें हाईस्कूल के लिए 2,70,000 और बी कॉपी 74,000 और इंटरमीडिएट के लिए 3,80,000 और बी कॉपी 84,000 शामिल हैं। इनमें से हाईस्कूल की लगभग 1,76,000 और इंटर की लगभग दो लाख उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण किया जा चुका है।
डीआईओएस ने उड़नदस्तों को दिए निर्देश
डीआईओएस ऑफिस में बुधवार शाम परीक्षाओं के लिए बनाए गए सचल दल की बैठक आयोजित की गई। इसमें डीआईओएस डॉ. आईपी सिंह सोलंकी ने उड़नदस्ता में शामिल अधिकारियों को 12 बिंदुआें का प्रारूप सौंपा। उन्होंने कहा किकि इस प्रारूप पर परीक्षा केंद्र से संबंधित जानकारी भरनी है।
नकल मिलने पर कक्ष निरीक्षक, केंद्र व्यवस्थापक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराएं। परीक्षा केंद्र के आसपास की फोटोस्टेट की दुकानें बंद रहेंगी। कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी के लिए शिक्षकों को रिलीव करने में लापरवाही बरतने पर प्रधानाचार्य के विरुद्ध कार्रवाई होगी। सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी अपनी रिपोर्ट प्रशासनिक अधिकारियों को देंगे।