मथुरा। यूनाइटेड हिंदू फ्रंट के राष्ट्रीय अध्यक्ष जय भगवान गोयल, अधिवक्ता राजेंद्र माहेश्वरी, धर्म रक्षा संघ के सौरभ गौड़ व अधिवक्ता महेंद्र प्रताप सिंह ने अदालत से मांग की है कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान अदालत अधिवक्ता कमीशन की नियुक्ति की जाए और अवकाश के दौरान अधिवक्ता कमीशन काम करता रहे। इस संबंध में वादीगण ने अदालत में प्रार्थना पत्र दिया। वहीं अखिल भारत हिंदू महासभा ने प्रार्थना पत्र देकर ग्रीष्मकालीन अवकाश मेें ईदगाह में जाने की अनुमति मांगी।
अधिवक्ता राजेंद्र माहेश्वरी व अन्य ने सोमवार को सिविल जज सीनियर डिवीजन की अदालत में दिए प्रार्थना पत्र मेें कहा है कि चूंकि रिवीजन कोर्ट ने अधिवक्ता कमीशन संबंधी उनके प्रार्थना पत्र पर संज्ञान लेते हुए जल्द ही निस्तारित करने के आदेश किए हैं। इसलिए अदालत द्वारा अधिवक्ता कमीशन नियुक्त किया जाए, ताकि यह कमीशन ग्रीष्मकालीन अवकाश में अपना काम कर सके। कहा गया कि ग्रीष्मकालीन अवकाश में ईदगाह में मौजूद साक्ष्यों को खत्म करने का प्रयास किया जा सकता है।
उधर, अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने सीनियर सिविल जज सीनियर डिवीजन की अदालत में दिए प्रार्थना पत्र में कहा है कि उन्होंने १३ मई २०२२ को ईदगाह के सर्वे के लिए अधिवक्ता कमीशन नियुक्त करने की मांग की गई थी लेकिन कमीशन नियुक्त नहीं हुआ है और प्रतिवादीगण ईदगाह के पदाधिकारीगण ईदगाह मेें मौजूद साक्ष्यों को नष्ट कर सकते हैं। इसलिए उन्हें ग्रीष्मकालीन अवकाश में प्रतिदिन ईदगाह में जाने की अनुमति प्रदान की जाए। कहा कि ईदगाह के स्थान पर असल गर्भ ग्रह है। दिनेश ने बताया कि अब अदालत में इस विषय पर एक जुलाई को सुनवाई होगी।