छाता (मथुरा)। मथुरा- दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित छाता शुगर मिल के सामने शनिवार देर शाम दिल्ली से मथुरा जाने वाली लेन पर सड़क हादसे में दो बाइक सवारों की मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना देकर शव कब्जे में ले लिया।
मनवीर और भरत निवासी मोरे का नगला बाइक से मानागढ़ी से अपने गांव लौट रहे थे। हाईवे पर किसी वाहन ने दोनों को चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों ने इस घटना की सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी। एंबुलेंस चालक ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
मौके पर पहुंचे छाता के अपराध निरीक्षक सुभाष ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिवारीजनों ने बताया कि भरत सुबह किसी काम से अपनी ससुराल माना गढ़ी गया था। लौटते वक्त हादसा हो गया।