मथुरा। कोतवाली और हाईवे थाना क्षेत्र में अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। गोवर्धन चौराहे पर अनियंत्रित होकर ट्रक आगे चल रहे ट्रक में घुस गया और दूसरी घटना में दो बाइकें आमने-सामने से भिड़ गईं।पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर दोनों शवों को परिजन को सौंप दिया है।
पुलिस के मुताबिक, गोवर्धन थाना क्षेत्र के गांव जुल्हैंदी निवासी वीरपाल सिंह (37) मंगलवार रात 9:00 बजे बाइक से मथुरा से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान मंडी चौराहे के निकट उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से भिड़ गई। हादसे में वीरपाल घायल हो गए, जबकि दूसरी बाइक में सवार युवक के मामूली चोटें आई। पुलिस ने वीरपाल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरी घटना बुधवार सुबह गोवर्धन चौराहे पर हुई। सुबह पांच बजे दिल्ली से आगरा जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में घुस गया। हादसे में बरसाना के गांव रांकौली निवासी ट्रक चालक रामकिशन की मौके पर मृत्यु हो गई। सीओ सिटी आशना चौधरी ने बताया कि क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।