सौंख। दो दिन पूर्व घर में लगी गर्डर और पत्थर गिरने से घायल 60 वर्षीय वृद्धा की जयपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे में मृतका के पौत्र की मौत गर्डर के नीचे दबकर हो गई थी। अन्य तीन घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
थाना मगोर्रा के गांव नगला देविया में हुए हादसे में घायल रामरति की जयपुर में उपचार के दौरान देर रात करीब 10 बजे मौत हो गई। जयपुर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। दोपहर बाद करीब 3 बजे गांव में रामरति का शव पहुंचा। हादसे में 11 वर्षीय अर्जुन और रामरति की मौत से मातम छाया हुआ है। हादसे में रामरति का पुत्र नेकराम, पुत्रवधू बबीता, पौत्री शशि घायल हैं। प्रधान मंजू चौधरी ने बताया कि घटना से जाटव बस्ती में शोक का माहौल है।मृतकों के परिजन को प्रधान ने 11 हजार रुपये की धनराशि निजी कोष से दी है। वहीं विधायक ठाकुर मेघश्याम सिंह ने मृतकों को चार-चार लाख रुपये और परिवार को पीएम आवास देने की घोषणा की है। इस दौरान एसडीएम प्रजक्ता त्रिपाठी, नायब तहसीलदार जयंती मिश्रा, प्रमुख विपिन सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि सुरेश भगत, लेखपाल कमलेश पाली, राधेश्याम चौधरी, कृष्णा चौधरी आदि मौजूद रहे।