वृंदावन। अपर नगर आयुक्त के निर्देशन में नगर के दो बड़े बकायेदारों के भवनों को सील करने पहुंची टीम को देख दोनों ने बकाया कर का निगम को चेक के माध्यम से भुगतान कर दिया।
अपर नगर आयुक्त सीपी पाठक ने बताया कि रमणरेती क्षेत्र स्थित श्रीवृंदावन बिहारी ट्रस्ट के भवन एवं इलेवन फ्लावर्स रेस्टोरेंट पर नगर निगम का लगभग तीन लाख रुपये से अधिक का कर बकाया था। निगम ने कई बार मांग नोटिस के बाद अंतिम नोटिस भी दिया लेकिन भवन स्वामियों ने कर का भुगतान नहीं किया। इस पर दोनों बकायेदारों के विरुद्ध सीलिंग की कार्रवाई के लिए पुलिस के साथ टीम पहुंची। उन्होंने बताया कि श्रीवृंदावन बिहारी ट्रस्ट ने 176405 लाख एवं 11 फ्लावर्स ने 142663 लाख रुपये का चेक दिया है। सीलिंग की कार्रवाई करने पहुंची टीम में कर अधीक्षक हरिकृष्ण गुप्ता, राजस्व निरीक्षक मुकेश सिंह, चंचल गौतम, सुरेश चंद्र, नंदकिशोर आदि मौजूद रहे।