मथुरा। गोकुल बैराज मोड़ पर पेट्रोल पंप के नजदीक रविवार देर रात तेज रफ्तार दूध के टैंकर ने कार में टक्कर मार दी। दर्दनाक हादसे में कार सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर जाम के हालात बन गए। पुलिस ने क्षतिग्रस्त गाड़ियों को हटाकर यातायात सुचारु करवाया। पुलिस हादसा करने वाले टैंकर चालक की तलाश कर रही है।
रिफाइनरी थाना क्षेत्र के गांव आजमपुर निवासी कैलाश (22) अपने दोस्त रिफाइनरी के कदंब विहार गोपी नगर निवासी पवन (20) के साथ कार से रिफाइनरी की तरफ जा रहे थे। पुलिस ने बताया कि रविवार रात लगभग एक बजे दूध के टैंकर ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर सदर थाने का फोर्स मौके पर पहुंचा। दोनों घायलों को कार से किसी तरह निकलवाकर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां कैलाश को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं पवन को आगरा रेफर कर दिया गया। आगरा में इलाज के दौरान पवन की भी मौत हो गई।
परिजन ने बताया कि पवन का परिवार मूल रूप से रिफाइनरी के भाहई गांव का रहने वाला है। कुछ वर्ष पूर्व ही उन्होंने रिफाइनरी इलाके में मकान बनवाया था। सीओ रिफाइनरी ने बताया कि दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।