छाता। बरसाना से राधारानी के दर्शन कर लौट रहे बाइक सवार दो दोस्त रविवार-सोमवार की रात सड़क हादसे का शिकार हो गए। छाता कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खायरा के समीप उनकी बाइक सामने से आती बाइक से टकरा गई। दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। एक मित्र ने देर रात तो दूसरे ने इलाज के दौरान सोमवार को दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार गश्त पर तैनात उपनिरीक्षक अतर सिंह ने घायलावस्था में तड़प रहे छाता निवासी लोकेश चौधरी (26) पुत्र राजवीर चौधरी और सोनू (29) पुत्र हिमांशु को देखा। पुलिस ने दोनों को तत्काल उपचार के लिए हॉस्पिटल भिजवाया। अस्पताल में उपचार के दौरान सिर में गंभीर चोट होने के कारण पहले लोकेश चौधरी ने देर रात दम तोड़ दिया था, दूसरे दोस्त सोनू को हालत गंभीर में आगरा के हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां सोनू ने भी दम तोड़ दिया है। दोनों मित्रों की मौत से परिजन में कोहराम मचा हुआ है। दूसरी बाइक सवार पिसावा निवासी युवक को मामूली चोटें आई हैं। कोतवाली प्रभारी उमेश त्रिपाठी मामले की जांच कर रहे हैं। उन्होंने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मथुरा भेजा। पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शवों का अंतिम संस्कार छाता में किया गया।