विकासखंड नौहझील के प्राथमिक विद्यालय में पढ़ रहे दो बच्चे अब अपनी आंखों से खुलकर भविष्य के सपने देख रहे हैं। मोतियाबिंद की समस्या से ग्रस्त इन नौनिहालों की आंखाें की रोशनी विद्यालय की शिक्षिका और एक अस्पताल के प्रयासों से लौट आई है।
बता दें कि कस्बा नौहझील निवासी मंजू (12) पुत्री क्षेत्रपाल और राकेश (10) पुत्र जीतराम प्राथमिक विद्यालय नौहझील में अध्ययनरत हैं। कुछ समय पहले मोतियाबिंद के कारण इनकी आंखों की दृश्यता न के बराबर थी। इसके चलते दोनों को पढ़ाई में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
सर्व शिक्षा अभियान के समेकित शिक्षा के तहत इन बच्चों की पढ़ा रही शिक्षिका ने अपने प्रयास से वृंदावन स्थित श्रॉफ अस्पताल में बच्चों की आंखों की जांच कराई। इसके बाद हास्पिटल के सहयोग से दोनों बच्चों की आंखों का निशुल्क ऑपरेशन दिल्ली स्थित एक अस्पताल में कराया गया।
ऑपरेशन के बाद दोनों बच्चे पूरी तरह आंखों से देख पा रहे हैं। इससे मंजू और राकेश के घर के साथ उनके गांव में भी खुशी का माहौल है।
दोनों बच्चों की दृष्टि के बारे में उन्हें जानकारी दी गई थी। इसके बाद वृंदावन स्थित श्रॉफ हास्पिटल के सहयोग से दिल्ली में उपचार कराया गया। दोनों ही अब आसानी से देख सकते हैं।
प्रगति मिश्रा
जिला समन्वयक, समेकित शिक्षा