मथुरा। पुलिस की गिरफ्त में खड़े शातिर बाइक चोर।
- फोटो : mathura
मथुरा के गोविंद नगर पुलिस ने दो बाइक सवार चार चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की बाइक के साथ तमंचा-कारतूस बरामद हुए हैं।
सीओ सिटी भूषण वर्मा ने बताया कि शनिवार की रात को गोविंद नगर थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश सिंह वृंदावन मार्ग पर टीम के साथ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी दो बाइक पर चार युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देख युवकों ने बाइक को मोड़ा और भागने लगे। अचानक बाइक सवारों को भागते देख पुलिस ने पीछा किया और हनुमान मंदिर पुलिया के पास उन्हें रोक लिया। तलाशी में उनके कब्जे से दो तमंचे और कारतूस बरामद हुए।
बाइक के कागजात मांगे तो वह बंगले झांकने लगे। पुलिस चारों को थाने ले आई। यहां पूछताछ में उन्होंने अपने नाम वृंदावन के बाहर घाट निवासी पवन कुमार, वृंदावन के होली वाली गली निवासी अभिषेक उर्फ दीपू, वृंदावन परिक्रमा मार्ग स्थित गऊघाट निवासी विष्णु और गोविंद नगर थाना क्षेत्र की गली पातीराम निवासी अजय बताया। चारों शातिर चोर हैं। पवन पर चार, अजय और अभिषेक पर पांच-पांच तथा विष्णु पर विभिन्न थानों में छह मुकदमे दर्ज हैं।