गोवर्धन/सौंख (मथुरा)। मगोर्रा के नगला अड्डा में दलितों पर हमले के आरोपियों में से पुलिस ने दो को पकड़ लिया है। उधर, पुलिस की कार्रवाई से दलित संतुष्ट नहीं हैं और मगोर्रा के थाना प्रभारी को हटाने की मांग कर रहे हैं।
थाना मगोर्रा के अड्डा गांव में 20 फरवरी को वोट डालने को लेकर दलित परिवारों पर हमला हो गया था। पुलिस की लापरवाही से दलितों पर हमले के मामले ने तूल पकड़ लिया था। पुलिस ने पीड़ितों की रिपोर्ट तक नहीं लिखी थी। पुलिस अफसरों के हस्तक्षेप पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट लिखी गई थी। इसके बाद पुलिस ने गिरफ्तारी में शिथिलता बरत रही है। आठ दिन बाद सोमवार को पुलिस ने फरार आरोपियों में से दो को पकड़ लिया है।
जबकि 5 हमलावर पुलिस पकड़ से दूर बने हैं। पीड़ित गोविंद ने एसओ व दरोगा पर आरोपियों की मदद करने के आरोप लगाए हैं। एसपी ग्रामीण श्रीशचंद ने बताया कि दो आरोपी पुलिस की पकड़ में हैं। जिसका शीघ्र खुलासा होगा। अन्य पांच आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। गांव में शांति व्यवस्था के लिए पीएसी बल तैनात है।