वृंदावन। अगर आप सोशल मीडिया पर नए एप का प्रयोग करते हैं तो सावधान रहें, ऐसा न हो कि आप भी साइबर ठगों का शिकार बन कंगाल हो जाएं। सोशल मीडिया पर एप के जरिए लोगों को फंसाने और लूटपाट करने वाले गिरोह सक्रिय हैं। वृंदावन पुलिस ने ऐसे ही चार लोगों को गत दिनों गिरफ्तार कर जेल भेजा है। उनसे पूछताछ में कई जानकारियां पुलिस को मिली है।
पुलिस के अनुसार, ठगों ने सुनियोजित तरीके से एक युवक को अपने जाल में फंसाया। युवक ने ऑनलाइन डेटिंग या मीटिंग एप का इस्तेमाल किया। युवक को मिलने के बहाने बुलाया गया और फिर उसे लूट लिया गया। वृंदावन पुलिस ने इस मामले त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को जेल भेजा। लेकिन घटना सीख दे रही है कि सोशल मीडिया पर विभिन्न एप्स पर आंखें मूंदकर विश्वास कर रहे हैं तो आप मुसीबत में फंस सकते हैं।
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि आजकल ऑनलाइन एप के माध्यम से ठगी के मामले बढ़ रहे हैं। जालसाज विभिन्न तरीकों से लोगों को अपने विश्वास में लेते हैं। वे अक्सर डेटिंग, गेमिंग या अन्य सोशल एप का सहारा लेते हैं। इन पर अनजान लोगों से दोस्ती करना या मिलना खतरनाक साबित हो सकता है। किसी भी अनजान व्यक्ति से व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या अज्ञात एप डाउनलोड करने से बचें। यदि कोई व्यक्ति मिलने के लिए दबाव डाले तो सावधानी बरतें। किसी भी प्रकार की ठगी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें ताक समय रहते कार्रवाई की जा सके।